सन राईस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली का दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न, कामता साहू की टीम ने 20 रन से दर्ज की शानदार जीत
जनभूमि/ मुंगेली। जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को एक अलग पहचान दिलाने के उद्देश्य से संचालित सन राईस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली, छत्तीसगढ़ का क्रिकेट टूर्नामेंट उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। सोसायटी के संचालक एवं कोच जलेश यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में टीम-A और टीम-B के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन 17 अक्टूबर 2026 को हुआ, जबकि फाइनल मुकाबला 19 अक्टूबर 2026 को खेला गया।
फाइनल मुकाबले में टीम-B के कप्तान कामता साहू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम-B ने निर्धारित 30 ओवरों में 179 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयुष गेंदले की कप्तानी वाली टीम-A की टीम 159 रन ही बना सकी। इस तरह कामता साहू की टीम-B ने 20 रनों से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
छाया विधायक ने विजेता टीम को किया सम्मानित
टूर्नामेंट के समापन समारोह में पहुंचे छाया विधायक श्री संजीत बैनर्जी ने विजेता टीम-B के कप्तान कामता साहू को चमचमाती हुई ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी प्रतिभागियों और प्रतियोगिता में सहयोग करने वाले सम्माननीय लोगों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिला सम्मान
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार सुयश डिंडौरे को मिला, जबकि फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब कामता साहू ने हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में 60 रन बनाने और 6 विकेट लेने वाले देवकी यादव को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया।
वहीं, अपनी कम उम्र में क्रिकेट के प्रति लगन और कमेंट्री के हुनर से सभी का ध्यान आकर्षित करने वाले छह वर्षीय बाल क्रिकेट खिलाड़ी मोहन यादव को बेस्ट कमेंटेटर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
16 वर्षों से क्रिकेट प्रतिभाओं को निखार रहे जलेश यादव
सन राईस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली पिछले 16 वर्षों से क्रिकेट के क्षेत्र में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रही है। सोसायटी के संचालक एवं कोच जलेश यादव के प्रयासों से मुंगेली जैसे छोटे शहर में लेदर बॉल (ड्यूज बॉल) क्रिकेट का बेहतर माहौल तैयार हुआ है।
समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने कोच जलेश यादव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। विशेष रूप से बेटियों और दिव्यांग खिलाड़ियों को निःशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ने तथा अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर प्रदान करना प्रशंसनीय कार्य है।
अतिथियों ने सन राईस क्रिकेट सोसायटी को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने, अनुशासन बनाए रखने और अपने प्रदर्शन से मुंगेली जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में ये अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में छाया विधायक श्री संजीत बैनर्जी के साथ श्री पदम राज बघेल, श्री तेजवंत बर्मन, श्री गौकरण डिंडोले, श्री पुहुप साहू, श्री विकास सातवानी, श्री देवीशंकर यादव, श्री नरेश यादव, श्री सुरेश सत्यपाल, श्री राजेंद्र यादव, श्री रमेश राजपूत, श्री कलेश्वर बर्मन, श्री राकेश जांगड़े, श्री भुवन डिंडोर, श्री किशन डहरिया, श्री राजेश नेताम, श्री रमेश साहू, श्री पेशर यादव, श्री उदय निषाद, श्री अजय यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। आयोजकों का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना और मुंगेली में क्रिकेट के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।
उपरोक्त जानकारी सन राईस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली, छत्तीसगढ़ के संचालक एवं कोच जलेश यादव ने दी।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
