जनभूमि/मुंगेली। शिक्षा के क्षेत्र में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल मुंगेली ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। विद्यालय के तीन प्रतिभावान छात्रों ने देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित नीट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर एमबीबीएस में प्रवेश प्राप्त किया है।
सफल छात्रों में अनंत उपाध्याय, सेजल सोनकर और सुप्रिता तंबोली शामिल हैं। इन छात्रों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है और यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास से किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विशेष रूप से छात्र अनंत उपाध्याय ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे और बिना किसी कोचिंग क्लास के प्रथम प्रयास में ही नीट परीक्षा में सफलता अर्जित कर सभी के लिए प्रेरणा बने हैं।
छात्रों की इस उपलब्धि पर शाला के प्रबंध निदेशक डॉ. जी.एस. पटनायक ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की हार्दिक कामना की है।
विद्यालय के प्राचार्य शुभेंदु मंडल ने सफल छात्रों, उनके माता-पिता और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा, “यह हमारे शाला के लिए गौरव की बात है। इन छात्रों ने केवल अपने माता-पिता का ही नहीं बल्कि पूरे विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता हमारी शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों द्वारा की गई अनवरत मेहनत का परिणाम है। हमें पूरा विश्वास है कि ये भविष्य में कुशल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेंगे।”
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने छात्रों को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया। सफल छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, शाला के अनुशासित माहौल और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन को दिया। सेंट जेवियर परिवार ने भविष्य के इन डॉक्टरों के उज्जवल और सफल जीवन की कामना की है।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
