भारी वाहनों के प्रवेश, पार्किंग, CCTV बैकअप और यातायात नियमों को लेकर लिए गए अहम निर्णय; साइबर अपराध से बचाव के लिए भी किया जागरूक

जनभूमि/मुंगेली:–शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में 2 सितंबर 2026 को यातायात शाखा मुंगेली में व्यवसायियों एवं विभिन्न वाहन संघों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुंगेली चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजकुमार वाधवा, गणमान्य व्यवसायी, ड्राइवर संघ अध्यक्ष महेश जायसवाल, ऑटो संघ अध्यक्ष गज्जू पात्रे, बस यूनियन के सदस्य सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। व्यवसायियों एवं वाहन संघों के पदाधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने पर सहमति जताई।
CCTV कैमरों का 10 दिन का बैकअप रखना अनिवार्य
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के सभी दुकानदार अपनी दुकानों में लगे CCTV कैमरों का कम से कम 10 दिवस का बैकअप सुरक्षित रखेंगे। कैमरों को इस प्रकार लगाया जाएगा कि सड़क एवं दुकानों के आसपास की गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सकें। वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं संकेतों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
सुबह 10 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
शहर में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराने तथा निर्धारित पीली एवं सफेद पट्टी के अंदर ही वाहन खड़ा कराने की बात कही गई।
बस चालकों को निर्धारित स्थान पर ही यात्रियों को उतारने और बैठाने के निर्देश दिए गए। माल वाहनों में यात्रियों को नहीं बैठाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा अभिभावकों को नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए नहीं देने की समझाइश दी गई।
साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता
बैठक के दौरान “साइबर जागृति अभियान” के तहत व्यवसायियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने की अपील की गई।
अभियान के तहत “मैं जागरूक हूँ, साइबर क्राइम से मुक्त हूँ” संदेश वाली सेल्फी स्टैंड के माध्यम से उपस्थित लोगों ने सेल्फी लेकर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
व्यवसायियों ने रखे शहर की समस्याओं से जुड़े सुझाव
बैठक में व्यवसायियों ने यातायात एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। इनमें चौक-चौराहों पर बैठे गाय-बछड़ों को हटाने की व्यवस्था, ऑटो चालकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल, जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने पिछले दो माह से बंद प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने, दाऊपारा चौक के पास यात्री प्रतीक्षालय बनवाने तथा हाथ ठेला एवं फेरी वालों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करने जैसे सुझाव शामिल रहे।
बैठक में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक संतोष शर्मा सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं व्यवसायी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
