आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में नाराजगी, खतरनाक कटिंग को बंद कर स्थायी डिवाइडर बनाने की उठी मांग। जनभूमि /मुंगेली। जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल बिलासपुर रोड पर कलेक्टर बंगले के ठीक सामने बना डिवाइडर कट अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। इस अव्यवस्थित कटिंग के चलते आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। बावजूद इसके अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना इस खतरनाक कटिंग को तत्काल बंद कर वहां स्थायी डिवाइडर का निर्माण कराया जाए।
तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक मुड़ना बन रहा दुर्घटना की वजह
बिलासपुर रोड पर दिनभर दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे व्यस्त मार्ग पर कलेक्टर बंगले के सामने डिवाइडर में छोड़ा गया कट दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहा है। इस कटिंग से कई वाहन चालक बिना पर्याप्त सावधानी के अचानक सड़क पार करने या दूसरी दिशा में मुड़ने का प्रयास करते हैं। वहीं दूसरी ओर तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों को अचानक सामने आ रहे वाहनों का अंदाजा नहीं मिल पाता। नतीजतन वाहन चालकों के बीच टक्कर और दुर्घटनाओं की स्थिति निर्मित हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान पर पहले भी कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और राहगीरों को चोटें आई हैं।
कलेक्टर बंगले के पीछे बड़ी कॉलोनी, रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही
इस डिवाइडर कटिंग की समस्या इसलिए भी गंभीर है क्योंकि कलेक्टर बंगले के पीछे एक बड़ी आवासीय कॉलोनी स्थित है। यहां रहने वाले लोगों सहित आसपास के नागरिकों का प्रतिदिन इसी कटिंग से आना-जाना होता है। सुबह से लेकर देर शाम तक इस रास्ते पर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यह कटिंग केवल वाहन चालकों के लिए ही नहीं, बल्कि कॉलोनी के निवासियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए भी जोखिम का कारण बन रही है।
वीआईपी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल
हैरानी की बात यह है कि यह मार्ग जिला मुख्यालय का महत्वपूर्ण मार्ग है और कलेक्टर निवास के ठीक सामने स्थित है। इसके बावजूद यहां यातायात सुरक्षा से जुड़ी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि जब इस स्थान पर बार-बार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, तो फिर अब तक आवश्यक सुधारात्मक कदम क्यों नहीं उठाए गए? क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देगा?
बड़ी दुर्घटना से पहले हो समाधान, स्थायी डिवाइडर बनाने की मांग
शहरवासियों एवं नियमित रूप से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों ने जिला प्रशासन, यातायात विभाग और संबंधित निर्माण एजेंसी से मांग की है कि कलेक्टर बंगले के सामने बने इस खतरनाक डिवाइडर कट को तत्काल बंद किया जाए तथा वहां मजबूत एवं स्थायी डिवाइडर का निर्माण कराया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक संकेतक और सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएं।
लोगों का कहना है कि सड़क का उद्देश्य आवागमन को सुगम बनाना है, न कि लोगों की जान को जोखिम में डालना। इसलिए प्रशासन को जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समय रहते इस समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना और जानमाल के नुकसान से बचा जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
