छठी मैया के जयकारों से गूंजा नदी तट, आज उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न होगा चार दिवसीय महापर्व
जनभूमि /मुंगेली। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मुंगेली की आगर नदी का तट रविवार को भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। छठ महापर्व के तीसरे दिन बड़ी संख्या में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने नदी तट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को विधि-विधान से संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। व्रतियों ने भगवान सूर्य से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, खुशहाली और लोक कल्याण की कामना की।
चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन एवं पवित्र व्रत की शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई। पहले दिन व्रतियों ने स्नान कर शुद्धता एवं सात्विकता के साथ भोजन ग्रहण किया। दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई गई, जिसमें पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर एवं पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया गया। खरना के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ हो गया।
रविवार को महापर्व के तीसरे दिन छठ व्रती महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक परिधान में पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे सूप एवं दउरा लेकर आगर नदी पहुंचे। अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए नदी तट पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। परिवार के सदस्यों ने भी पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई। छठ पूजा की पारंपरिक विधियों और श्रद्धा से भरे इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण
छठ महापर्व का अंतिम एवं चौथा दिन सोमवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर तड़के सुबह व्रती पुनः आगर नदी के तट पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा और व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे।
छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भी संदेश देता है। स्वच्छता, पवित्रता, अनुशासन, त्याग, समर्पण और पारिवारिक एकता से जुड़ा यह पर्व समाज में आपसी सद्भाव एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करता है। आगर नदी के तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था ने एक बार फिर मुंगेली में छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को जीवंत कर दिया।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
