जनभूमि–मुंगेली। शहर के व्यस्त पड़ाव चौक में बीती रात एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर चिंताजनक घटना सामने आई। देर रात मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दो युवकों के बीच छोटी सी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में उग्र झगड़े में बदल गया। इसी दौरान एक युवक ने गुस्से में आकर दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक नशे की हालत में थे, जिसके चलते मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। यह घटना शहर में बढ़ती नशाखोरी और उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों की एक और तस्वीर उजागर करती है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि जल्द गिरफ्तारी हो सके।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर के कुछ इलाकों में लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार सक्रिय है। मल्हापारा, पड़ाव चौक के आसपास, बालानी चौक, बड़ा बाजार, पुलपारा और रेस्ट हाउस के पास जैसे क्षेत्रों को लेकर बार-बार शिकायतें सामने आती रही हैं। इन स्थानों पर कई बार पुलिस कार्रवाई भी हुई है, लेकिन इसके बावजूद इस अवैध धंधे पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि जब तक नशे के इस जाल पर सख्ती से अंकुश नहीं लगाया जाएगा, तब तक इस तरह की घटनाएं सामने आती रहेंगी। लोगों ने प्रशासन से नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं न केवल आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं, बल्कि प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। अब जरूरत है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार पर निर्णायक कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में भयमुक्त वातावरण कायम हो सके।


The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
