रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो एक महिला एनजीओ कार्यकर्ता के बैंक खाते का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड दिलाने के नाम पर महिला को झांसे में लिया और उसके एनजीओ के नाम से बैंक खाता खुलवाकर करीब 2.17 करोड़ रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच कर गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ऐसे हुआ साइबर फ्रॉड
इंदिरानगर रायगढ़ निवासी सामाजिक कार्यकर्ता आयशा परवीन ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में उनकी पहचान अभय यादव और विजय चंद्रा से कराई गई थी। आरोपियों ने बताया कि एक कंपनी उनके एनजीओ को CSR फंड देना चाहती है।
इसके बाद आरोपियों ने उनसे एनजीओ से जुड़े दस्तावेज लेकर Axis Bank में खाते खुलवाए। कुछ समय बाद महिला और उसके पति को नौकरी और फंडिंग के बहाने गुवाहाटी बुलाया गया।
गुवाहाटी के एक होटल में ठहरने के दौरान दो लोगों ने कंपनी प्रतिनिधि बनकर उनके मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई, जिससे उनके बैंक खाते की पूरी एक्सेस ठगों के पास चली गई। करीब एक सप्ताह तक महिला को वहीं रखकर खाते से कई संदिग्ध ट्रांजेक्शन किए गए।
देशभर से मिली 44 साइबर ठगी की शिकायतें
जब महिला रायगढ़ लौटी, तो बैंक ने संदिग्ध लेनदेन की जानकारी दी। जांच में पता चला कि 29 दिसंबर 2025 से ही खाते में संदिग्ध ट्रांजेक्शन शुरू हो चुके थे। पुलिस जांच में सामने आया कि इस खाते से जुड़े देशभर से 44 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज हैं और करोड़ों रुपये का विवादित लेनदेन हुआ है।
टेलीग्राम के जरिए चलता था नेटवर्क
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी Telegram के जरिए अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग से जुड़े थे। उनका काम अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगों को कॉरपोरेट बैंक खाते उपलब्ध कराना था।
इसके बदले आरोपी फ्रॉड से मिली रकम का 5 से 15 प्रतिशत तक कमीशन लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने 25 से 30 बैंक खाते उपलब्ध कराने की बात भी स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
- मितेश सोनी (31) निवासी भिलाई
- विजय चंद्रा (35) निवासी सक्ती
- अजय साहू (35) निवासी रायगढ़
- अभय यादव (23) निवासी रायगढ़
- सचिन चौहान (24) निवासी रायगढ़
शामिल हैं।
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप जब्त किया है।
एसएसपी का नागरिकों से अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, ऐप या लालच देने वाले ऑफर से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.