Oplus_16908288
जनभूमि–लोरमी। नगर पालिका परिषद लोरमी के वार्ड क्रमांक 4 के रहवासियों ने पानी की गंभीर समस्या एवं जर्जर पाइप लाइन को बदलने की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने जल्द समस्या का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
ज्ञापन के माध्यम से वार्डवासियों ने बताया कि पिछले एक-दो वर्षों से वार्ड में पेयजल संकट लगातार बना हुआ है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सामुदायिक भवन के पास नए बोर खनन की आवश्यकता है, ताकि लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।
वार्डवासियों ने यह भी बताया कि दुर्गेश ढीमर एवं चंद्रिका गुप्ता के घर के पास पाइप लाइन नाली के भीतर से गुजर रही है, जो जगह-जगह से सड़ और कट चुकी है। इसके चलते नाली का गंदा पानी पाइप लाइन में मिल रहा है, जिससे दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत पहले भी वार्ड पार्षद आलोक शिवहरे एवं नगर पालिका में की गई थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया। वार्डवासियों ने कहा कि पानी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ज्ञापन के दौरान सागर रजक, चित्ररेखा ठाकुर, प्रमोद ढीमर, गुलाब सिंह, पूजा देवी, काली रजक, धक्कू ढीमर, राजकुमारी रजक, मंजू रजक, रुक्मणी रजक, मालती रजक, रामप्यारी रजक, शंकर सिंह साधे ढीमर, शंकर कश्यप, राकेश रजक, युवराज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
इस मामले में नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि नाली निर्माण के लिए टीम भेजी गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने अपना पैठा तोड़ने नहीं दिया, जिसके कारण कार्य अधूरा रह गया। वहीं पानी की समस्या को लेकर सभापति रिक्की सलुजा द्वारा वार्ड का निरीक्षण भी किया गया है।
वहीं वार्ड पार्षद ने कहा कि बोर खनन के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में बाजारपारा क्षेत्र में एक बोर खनन कराया गया है। साथ ही नाली निर्माण में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि वार्डवासी साथ दें तो सभी विकास कार्य पूरे कराए जाएंगे।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
