जनभूमि–मुंगेली। जनपद पंचायत मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत विचारपुर में शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय जनगणना कार्य इन दिनों तेजी से संचालित किया जा रहा है। जनगणना के लिए नियुक्त प्रगणक गांव के प्रत्येक मोहल्ले और गली में घर-घर पहुंचकर लोगों से आवश्यक जानकारियां एकत्र कर रहे हैं।
प्रगणकों द्वारा नागरिकों से 33 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली जा रही है, ताकि शासन-प्रशासन को ग्राम की सही एवं संपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो सके। जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों ने बताया कि गांव से रोजगार एवं जीविकोपार्जन के लिए बाहर पलायन कर चुके लोगों की जानकारी जुटाने में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी पूरी जिम्मेदारी और मुस्तैदी के साथ कार्य किया जा रहा है।
प्रगणकों ने बताया कि अब तक लगभग 100 घरों की जानकारी एकत्रित की जा चुकी है। जनगणना कार्य में पारदर्शिता और जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों से आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर तथ्य जुटाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों द्वारा भी इस महत्वपूर्ण कार्य में पूरा सहयोग दिया जा रहा है। आमजन मांगी जा रही जानकारी को स्पष्ट एवं सहर्ष उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे ग्राम की वास्तविक स्थिति शासन एवं प्रशासन तक पहुंच सके। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करते हुए सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि विकास योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
