गुरु सम्मान में 30 पौधों का रोपण, वर्षों से हरियाली की अलख जगा रहे प्रकृति प्रेमियों की मुहिम बनी मिसाल
जनभूमि/मुंगेली:–पर्यावरण संरक्षण को केवल भाषणों तक सीमित न रखकर उसे जमीन पर उतारने की मुहिम चला रहा स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी आज मुंगेली और आसपास के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका है। वर्षों से लगातार पौधरोपण और उनके संरक्षण के लिए समर्पित संस्था के सदस्यों ने एक बार फिर ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के तहत 30 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के दसवें वर्ष के 10वें चरण का आयोजन पेंडाराकांपा साहू समाज मुक्तिधाम में किया गया। शिक्षक दिवस को समर्पित इस चरण में नीम, कदम, बादाम, गुलमोहर, जामुन और करंज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। खास बात यह रही कि पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
पौधरोपण से आगे की सोच
स्टार्स ऑफ टुमॉरो की इस मुहिम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाकर अभियान पूरा करना नहीं है। संस्था लगातार इस बात पर जोर देती रही है कि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर समाज को छांव, फल और शुद्ध हवा प्रदान करें।
इसी सोच ने ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’ अभियान को महज एक पौधरोपण कार्यक्रम के बजाय पर्यावरण संरक्षण की निरंतर चलने वाली जनमुहिम का स्वरूप दिया है।
गुरुजनों के सम्मान का अनूठा तरीका
संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज और आने वाली पीढ़ियों के निर्माता हैं। उनके सम्मान में पौधरोपण करना प्रकृति और गुरु दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सार्थक प्रयास है। एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, छांव और बेहतर पर्यावरण का उपहार है।
संस्था के सचिव विनोद यादव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। वहीं दसवें चरण के अभियान प्रभारी एवं कोषाध्यक्ष धनराज परिहार ने कहा कि प्रत्येक चरण को किसी महत्वपूर्ण अवसर या सामाजिक वर्ग को समर्पित करने का प्रयास किया जाता है। इस बार शिक्षक दिवस को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर गुरु सम्मान का संदेश दिया गया है।
मुंगेलीवासियों में बढ़ रहा आकर्षण
स्टार्स ऑफ टुमॉरो की वर्षों से जारी इस पहल की नगर एवं आसपास के क्षेत्र में सराहना हो रही है। प्रकृति प्रेमियों द्वारा लगातार बिना किसी दिखावे के पौधरोपण और उनके संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास लोगों को आकर्षित और प्रेरित कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यावरण बचाने के लिए केवल एक दिन पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है। उसे वृक्ष बनने तक बचाना भी उतना ही जरूरी है और स्टार्स ऑफ टुमॉरो इसी जिम्मेदारी को वर्षों से निभाने का प्रयास कर रहा है। यही वजह है कि संस्था का अभियान अब मुंगेली में पर्यावरण प्रेम की एक पहचान बनता जा रहा है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संस्था के सह-संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, विकास जैन, दीपक जैन, श्रेणिक पारेख, अनुराग सिंह, गिरीश सुथार, पप्पू शर्मा, अनीश जैन, कोमल चौबे, आर्या सिंह, वासु पांडेय, रवि साहू, आशीष सिंह, वैभव ताम्रकार, अजय चंद्राकर, चित्रकान्त सिंह, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, दिलबाग सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, परमेश्वर देवांगन सहित पर्यावरण प्रेमी अरविंद रूपवानी, प्रियांक गुप्ता, सुमित उपाध्याय, यूट्यूबर अमन राजा, महाराणा प्रताप वार्ड पार्षद कुलदीप पाटले, नरेंद्र साहू एवं सागर वैष्णव उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
