जनभूमि–मुंगेली। जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत और अधिक गहराती नजर आई। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल पूरी तरह खत्म हो गया, जबकि पेट्रोल के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह से ही वाहन चालक पंपों पर पहुंचने लगे, लेकिन बढ़ती भीड़ और सीमित उपलब्धता के कारण लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि कई लोग लाइन में लगने के बावजूद निराश होकर वापस लौटते दिखाई दिए।

शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों के बाहर दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ईंधन संकट के कारण कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित होता नजर आया। सबसे ज्यादा परेशानी उन वाहन चालकों को हुई, जिनके लिए ईंधन दैनिक जरूरत का हिस्सा है।
शहर में डीजल उपलब्ध नहीं होने से मालवाहक वाहनों, छोटे व्यापारियों और किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। डीजल से चलने वाले वाहनों पर निर्भर लोगों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ईंधन की कमी की खबर फैलने के बाद कई लोग जरूरत से अधिक पेट्रोल भरवाने भी पंप पहुंच रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

इस बीच सबसे बड़ी चिंता उन लोगों को लेकर सामने आ रही है, जिन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में पेट्रोल या डीजल की आवश्यकता पड़ सकती है। अस्पताल जाने वाले मरीज, एंबुलेंस सेवाएं, ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोग, कृषि कार्य और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को इस संकट से भारी परेशानी हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसी स्थिति में विशेष व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि इमरजेंसी सेवाओं और आवश्यक कार्यों के लिए ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। जरूरत पड़ने पर प्रशासन कुछ पेट्रोल पंपों में आपातकालीन कोटा तय कर सकता है, ताकि गंभीर परिस्थितियों में लोगों को राहत मिल सके।मुंगेली में पैदा हुई यह स्थिति केवल ईंधन आपूर्ति का मुद्दा नहीं रह गई है, बल्कि अब यह आम जनजीवन और जरूरी सेवाओं से भी जुड़ती जा रही है। ऐसे समय में प्रशासन को त्वरित कदम उठाकर आपूर्ति व्यवस्था सामान्य करने के साथ-साथ इमरजेंसी जरूरतों के लिए विशेष प्रबंधन करना होगा। साथ ही नागरिकों को भी घबराहट में अतिरिक्त ईंधन लेने से बचना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंच सकें।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
