जनभूमि–मुंगेली। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत सरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार भी बरामद की गई है।
मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित गश्त, बीट भ्रमण और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना सरगांव पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 को बीट भ्रमण और पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि नगर पंचायत कार्यालय सरगांव के पास एक युवक हाथ में तलवार लेकर राहगीरों को भयभीत कर रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र लहरे (23 वर्ष) पिता शिव शंकर लहरे निवासी ग्राम अमेरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर बताया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए 16 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव उप निरीक्षक संतोष शर्मा, प्रधान आरक्षक भागबली जांगड़े, आरक्षक सूरज धुरी, विश्वनाथ राजपूत एवं रिपन बनर्जी की सराहनीय भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
