लालपुर पुलिस की तत्परता से गुम युवती सकुशल बरामद, बालिग होने पर युवक के संरक्षण में सौंपी
जनभूमि–मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में मुंगेली पुलिस ने थाना लालपुर क्षेत्र से गुम हुई एक बालिग युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने युवती के बालिग होने और उसकी स्वेच्छा से युवक के साथ रहने की पुष्टि होने के बाद उसे संबंधित युवक के संरक्षण में सौंप दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों का भी खंडन किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम गुरूवाईनडबरी से एक बालिग युवती के गुम होने की सूचना पर थाना लालपुर में गुम इंसान का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालपुर पुलिस ने तकनीकी और बेसिक पुलिसिंग के माध्यम से लगातार पतासाजी की।
जांच के दौरान 4 अप्रैल 2026 को युवती को भिलाई में ईलेश कुमार भास्कर (23 वर्ष), निवासी गुरूवाईनडबरी के साथ रहना पाया गया। पुलिस ने दोनों को बरामद कर परिजनों के समक्ष युवती का विधिवत बयान दर्ज किया।
युवती ने अपने बयान में बताया कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से ईलेश कुमार भास्कर के साथ बिना किसी दबाव के मंदिर में विवाह कर उसके साथ रह रही है। इस आधार पर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए युवती को युवक के संरक्षण में सौंप दिया।
पुलिस की अपील:
एस पी भोजराम पटेल ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को गुमशुदगी व अपहरण के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर चल रही आधारहीन या भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी के लिए संबंधित थाना या चौकी से संपर्क करें।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
