जनभूमि–मुंगेली। लिटरेसी एंड न्यूमरेसी (FLN) और नई शिक्षा नीति 2020 के तहत संचालित राष्ट्रीय मिशन के अंतर्गत बच्चों में पढ़ने-लिखने और बुनियादी गणित की दक्षता विकसित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है।
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2026 के लिए “FLN सह नवाजतन वारियर्स शिक्षक सम्मान” हेतु चयनित शिक्षकों की सूची जारी की गई है। इस सूची में मुंगेली जिले से विकासखंड मुंगेली के प्रशांत सिंह परिहार, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला छीतापुर (संकुल पण्डरभट्ठा), का चयन किया गया है।
उन्हें राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के हाथों मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह 5 अप्रैल 2026 को दुर्ग स्थित खालसा पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया, जहां प्रदेशभर से चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
बताया गया कि इस सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न हुई। पहले चरण में शिक्षकों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर गूगल लिंक के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके बाद दूसरे चरण में ऑनलाइन वीडियो कॉल के जरिए बच्चों के भाषा और गणित के स्तर का आकलन किया गया। अंतिम चरण में शिक्षकों का ऑनलाइन इंटरव्यू लिया गया, जिसके आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का चयन किया गया।
प्रशांत सिंह परिहार के इस सम्मान से मुंगेली जिले के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है। सहकर्मियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव की बात है और इससे अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
