जनभूमि–मुंगेली। जिले के मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से बंद पड़ी सीटी स्कैन सुविधा आखिरकार जिला अस्पताल में शुरू हो गई है। गौरतलब है कि इस गंभीर समस्या को लेकर जनभूमि वेब पोर्टल ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और जिला अस्पताल में सीटी स्कैन सेवा का शुभारंभ कर दिया गया।
सीटी स्कैन सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को जांच के लिए बिलासपुर, रायपुर या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। पहले मरीजों और उनके परिजनों को सीटी स्कैन के लिए काफी भटकना पड़ता था और अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था। अब जिला अस्पताल में ही यह सुविधा मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
इस सेवा के शुभारंभ के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने एक सराहनीय पहल करते हुए मरीज के हाथों फीता कटवाकर उद्घाटन कराया। मरीज संतोष साहू की पहली सीटी स्कैन जांच कर इस सुविधा की औपचारिक शुरुआत की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जिले में इस सुविधा की मांग की जा रही थी। जनभूमि वेब पोर्टल द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाने के बाद अब आखिरकार व्यवस्था शुरू हो पाई है, जिससे जिले के मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
सीटी स्कैन सेवा शुरू होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। लोगों ने उम्मीद जताई है कि आगे भी इसी तरह स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होता रहेगा और जिले के लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
