जनभूमि–मुंगेली/लोरमी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नवलपुर सब स्टेशन में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी के लोकप्रिय विधायक अरुण साव ने 14 अप्रैल को 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए क्षमता वाले पावर ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया।
पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि से नवलपुर उपकेंद्र से जुड़े आसपास के 10 गांवों—नवलपुर, हडगांव, लालपुर कला, नवागांव, जैत, औराबांधा, सुरेठा, बांधा, गैजी, नारायणपुर एवं करीलकुंडा—के करीब 6500 घरेलू उपभोक्ताओं और लगभग 3500 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पी एम सूर्य घर योजना का भी उल्लेख करते हुए लोगों से अपने घरों में सोलर पैनल लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का लाभ उठाकर नागरिक अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर सकते हैं। इससे बिजली बिल लगभग शून्य हो सकता है और अतिरिक्त बिजली से आय अर्जित करने का भी अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
