जनभूमि–मुंगेली/राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के तत्वाधान में आगामी 09 मई को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल आयोजन के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला न्यायालय परिसर के मीटिंग हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी ने लोक अदालत के माध्यम से न्यायालयों में लंबित प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन मामलों के अधिक से अधिक संख्या में त्वरित और आपसी सहमति से निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकाधिक प्रकरणों की पहचान कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।बैठक में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय राजीव कुमार, प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जसविंदर कौर अजमानी मलिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कंचन लता आचला, द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश दीपक कुमार शर्मा, सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय, जन-जागरूकता और प्रभावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस पहल से न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होगा, बल्कि आम नागरिकों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय भी प्राप्त होगा।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
