जनभूमि–मुंगेली/ नगर में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुंगेली नगर के बिलासपुर मुख्य मार्ग को व्यवस्थित, सुंदर और बाधारहित बनाने के उद्देश्य से सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की संयुक्त मुहिम चलाई गई। यह कार्रवाई नगर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल दाऊपारा से लेकर कलेक्टर निवास और नगर पालिका सीमा तक प्रभावी ढंग से संचालित की गई।
समझाइश का दिखा असर, व्यापारियों ने खुद हटाए कब्जे
सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने से पहले प्रशासन ने संवेदनशील रुख अपनाया। नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम ने मुनादी कराकर सभी व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की थी कि वे सड़क और नाली के ऊपर किए गए अपने अस्थायी अतिक्रमण को स्वयं हटा लें।
प्रशासन की अपील का सकारात्मक असर भी देखने को मिला। कई जागरूक व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने शेड, काउंटर और अन्य सामग्री हटा ली। इसके बाद जो अतिक्रमण शेष रह गए थे, उन्हें भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक अमले द्वारा हटाया गया।
कई विभागों की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
नगर को सुव्यवस्थित बनाने की इस बड़ी कार्रवाई में कई विभागों ने मिलकर जिम्मेदारी निभाई। नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग, नजूल विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सुबह से ही मौके पर सक्रिय नजर आए।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे फैले मलबे, अवैध टीन शेड, चबूतरों और अन्य बाधाओं को हटाकर मार्ग को साफ किया गया, जिससे मुख्य सड़क की चौड़ाई और उपयोगिता बढ़ेगी।
पैदल राहगीरों के लिए बनेगा आधुनिक फुटपाथ

प्रशासन का उद्देश्य केवल सड़क चौड़ीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा भी प्राथमिकता में है। अधिकारियों के अनुसार दाऊपारा से कलेक्टर निवास तक मुख्य सड़क के दोनों ओर आधुनिक और सुव्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा।
इससे महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और सुबह-शाम सैर करने वाले नागरिकों को सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। फुटपाथ निर्माण के बाद पैदल चलने वालों को दुर्घटना का खतरा कम होगा और यातायात भी अधिक व्यवस्थित रहेगा।
बड़ा सवाल: क्या नए फुटपाथ का भी होगा पुराना हाल?
हालांकि प्रशासन द्वारा बिलासपुर रोड पर आधुनिक फुटपाथ निर्माण को शहर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, लेकिन इसी के साथ नगरवासियों के बीच एक बड़ा सवाल भी चर्चा का विषय बनता जा रहा है।
लोगों का कहना है कि पड़ाव चौक से बी आर साव हाईस्कूल तक रोड पहले भी पथ-वे (फुटपाथ) का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज वह अपने मूल उद्देश्य से भटकता नजर आता है। कई जगहों पर ठेले, गुमटी और अस्थायी कब्जों ने फुटपाथ पर जगह घेर ली है, जिसके कारण पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है।
ऐसे में नागरिकों के मन में सवाल उठ रहा है कि बिलासपुर रोड पर बनने वाले नए फुटपाथ का भविष्य भी कहीं ऐसा ही तो नहीं होगा? यदि निर्माण के बाद नियमित निगरानी और अतिक्रमण पर सख्ती नहीं बरती गई तो करोड़ों की लागत से बनने वाले फुटपाथ का उद्देश्य अधूरा रह सकता है।
लोगों का मानना है कि केवल निर्माण करा देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उसे अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना भी प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। अन्यथा समय बीतने के साथ फुटपाथ फिर कब्जे की भेंट चढ़ सकता है।
अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान एसडीएम अजय शतरंज, तहसीलदार कुणाल पाण्डेय, नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर, नगर पालिका इंजीनियर विद्यानंद मधुकर यादव, पटवारी आशीष क्षत्रिय, प्रशांत शर्मा, आशीष भोई सहित राजस्व विभाग, नगर पालिका और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
क्या बोले अधिकारी
अजय शतरंज, एसडीएम, मुंगेली ने कहा—
“कलेक्टर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से यातायात अधिक सुगम और व्यवस्थित बनेगा। नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दाऊपारा से कलेक्टर निवास मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। व्यापारियों को पहले ही समझाइश दी गई थी और उन्होंने सहयोग भी किया। नगर का विकास और सौंदर्यीकरण आम जनता के सहयोग से ही संभव है।”

कुणाल पाण्डेय, तहसीलदार, मुंगेली ने कहा—
“राजस्व और नजूल विभाग द्वारा सड़क का सीमांकन कर अवैध कब्जों को चिह्नित किया गया था। लोगों को अतिरिक्त निर्माण स्वयं हटाने की समझाइश दी गई थी, जिस पर कई लोगों ने सकारात्मक पहल की। प्रशासन का उद्देश्य किसी के व्यवसाय को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर जनहित में फुटपाथ निर्माण कराना है।”
होरी सिंह ठाकुर, सीएमओ, नगर पालिका परिषद, मुंगेली ने कहा—
“नगर पालिका की टीम लगातार शहर को साफ और सुंदर बनाने में जुटी है। फुटपाथ निर्माण से राहगीरों और सुबह की सैर करने वालों को बेहतर सुविधा मिलेगी। व्यापारियों से अपील है कि दोबारा नालियों और फुटपाथ पर कब्जा न करें, क्योंकि नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।”

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
प्रशासन का मानना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि नागरिकों की भागीदारी और सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। हालांकि अब शहरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बनने वाले फुटपाथ वास्तव में पैदल चलने वालों के काम आएंगे या फिर समय के साथ वे भी अतिक्रमण की चपेट में आ जाएंगे।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
