जनभूमि–मुंगेली/ जिले की राजनीति और सोशल मीडिया जगत में इन दिनों एक अनोखा नाम तेजी से चर्चा में है — “कॉकरोच जनता पार्टी”। शुरुआत भले ही मजाक, व्यंग्य और हल्के-फुल्के अंदाज से हुई हो, लेकिन अब यह नाम लोगों के बीच अलग पहचान बनाता नजर आ रहा है। खास बात यह है कि इस पूरे अभियान के केंद्र में जेन जी हैं, जिनकी शैली और अलग अंदाज ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
नगर के चौक-चौराहों, चाय की दुकानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” की चर्चा जोरों पर है। युवा वर्ग भी इसके अनोखे नाम और मजेदार नारों को लेकर खासा उत्साहित दिखाई दे रहा है।
राज्य से लेकर मुंगेली तक बढ़ रही जुड़ने की चर्चा
चर्चाओं के बीच यह भी कहा जा रहा है कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों सहित मुंगेली जिले के कुछ लोग भी जेन जी कॉकरोच पार्टी से जुड़ने की इच्छा जता रहे हैं। लोगों के बीच यह चर्चा चल रही है कि वे भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और शासन-प्रशासन की कथित कार्यप्रणाली के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए इस मंच को एक प्रतीकात्मक माध्यम के रूप में देख रहे हैं।
हालांकि यह पूरा अभियान व्यंग्यात्मक और सामाजिक संदेश के अंदाज में सामने आ रहा है, लेकिन लोगों के बीच इसकी बढ़ती चर्चा ने उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।
जेन जी की शैली बनी चर्चा का केंद्र
स्थानीय लोगों का कहना है कि जेन जी का अलग अंदाज और व्यंग्यात्मक प्रस्तुति लोगों को आकर्षित कर रही है। सोशल मीडिया पर उनके पोस्टर और संदेश तेजी से साझा किए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे व्यवस्था पर कटाक्ष का नया तरीका बता रहे हैं तो कुछ इसे जनता की भावनाओं को अभिव्यक्त करने का माध्यम मान रहे हैं।
चौक-चौराहों पर उठ रहा एक सवाल
मुंगेली में अब लोग मजाकिया अंदाज में यह सवाल भी पूछने लगे हैं कि क्या “कॉकरोच जनता पार्टी” सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित रहेगी या फिर भविष्य में कोई बड़ा संदेश लेकर सामने आएगी?
फिलहाल शहर में एक लाइन काफी चर्चा में है—
“जहां समस्या ज्यादा, वहां कॉकरोच जनता पार्टी तैयार!”

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
