मुंगेली । कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए कहा कि ई-एचआरएमएस में शत-प्रतिशत प्रविष्टि और सभी फाइलों का निष्पादन ई-फाइल के माध्यम से ही किया जाए। साथ ही कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल के तहत ऑर्डर ऑफ प्रेसीडेंस का पालन करने और पूर्व सूचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम घोषणाओं में देरी पर सख्ती
मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। राशि जारी होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं करने पर आरईएस के ईई संध्या को नोटिस जारी करने कहा। वहीं मोतिमपुर, जरहागांव और सेतगंगा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में धीमी प्रगति पर एसडीएम, सीएमएचओ और डीपीएम को नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी घोषणाओं को 6 माह में पूर्ण करने की समयसीमा तय की।
पेयजल और जनभागीदारी पर जोर
गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने, जल टंकियों की मरम्मत और रेड जोन गांवों में प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण और जनभागीदारी के कार्यों को भी गति देने पर जोर दिया।
शिक्षा, भर्ती और योजनाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने पीएम श्री योजना के तहत चयनित स्कूलों में निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। अग्निवीर भर्ती के लिए अधिकतम युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने कहा। डिजिटल किसान किताब, राजस्व प्रकरणों और पीएम आदर्श ग्राम एवं पीएम जनमन योजना के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
राजस्व पखवाड़ा तीन चरणों में
अपर कलेक्टर जी.एल. यादव ने बताया कि राजस्व पखवाड़ा तीन चरणों में ग्राम स्तर पर आयोजित होगा, जिसमें नामांतरण, सीमांकन और नक्शा बंटांकन जैसे मामलों का निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए।
अन्य अहम निर्देश
अवैध हुकिंग और उर्वरक की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
डीएमएफ के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश
अफीम की अवैध खेती की जांच और सर्वे कराने के निर्देश
महिला एवं बाल विकास विभाग को योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा
खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में 98.3% धान का उठाव पूरा हो चुका है, जिस पर कलेक्टर ने संतोष जताया और शेष कार्य जल्द पूर्ण करने को कहा।
बैठक में निष्ठा पाण्डेय तिवारी, प्रभाकर पाण्डेय, अजय शतरंज, अजीत पुजारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने दो टूक कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को समय पर लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
