

जनभूमि–मुंगेली। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), उप पुलिस अधीक्षक (DSP) एवं रिजर्व इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई है। पुलिस मुख्यालय में पिछले कई दिनों से इस सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा था। सोमवार को जारी आदेश के अनुसार रायपुर में पदस्थ प्रशांत शुक्ला को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मुंगेली पदस्थ किया गया है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक आशीष अरोरा को वापस मुंगेली भेजते हुए एसडीओपी मुंगेली की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कौन हैं नए एसडीओपी आशीष अरोरा?
आशीष अरोरा छत्तीसगढ़ पुलिस के उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने खेल और पुलिस सेवा—दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे न केवल एक कुशल पुलिस अधिकारी हैं, बल्कि भारत के अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी भी रह चुके हैं।
दुर्ग में जन्मे आशीष अरोरा का खेलों की ओर बचपन से ही विशेष रुझान रहा। कठोर मेहनत और अनुशासन के दम पर उन्होंने भारतीय वॉलीबॉल टीम में स्थान बनाया। वर्ष 1996 से 2001 के बीच उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 13 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया तथा लगभग 36 देशों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। अपने शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें एशिया के उत्कृष्ट खिलाड़ियों में भी स्थान मिला।
छत्तीसगढ़ के पहले शहीद गुण्डाधुर पुरस्कार से सम्मानित
राज्य गठन के बाद खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाने वाले प्रतिष्ठित शहीद गुण्डाधुर पुरस्कार के प्रथम प्राप्तकर्ता बनने का गौरव भी आशीष अरोरा को मिला। वर्ष 2001 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया, जो छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिना जाता है।
पुलिस सेवा में भी शानदार रिकॉर्ड
खेल के बाद आशीष अरोरा ने पुलिस सेवा में भी अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। उन्होंने विभिन्न जिलों में थाना प्रभारी एवं एसडीओपी के रूप में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए।
वे पहले बिलासपुर के तोरवा और कोतवाली थाना तथा मुंगेली सिटी कोतवाली में निरीक्षक (थाना प्रभारी) के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे कोटा के एसडीओपी भी रहे हैं। बाद में उनका स्थानांतरण भाटापारा, बलौदाबाजार तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में हुआ। वर्ष 2020 में वे मुंगेली सिटी कोतवाली के थाना प्रभारी के रूप में भी पदस्थ रहे थे।
उनकी उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए उन्हें अविभाजित मध्यप्रदेश का प्रतिष्ठित विक्रम अवार्ड सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
खेल से सीखा अनुशासन, पुलिस सेवा में बनाया पहचान
आशीष अरोरा का मानना है कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, निर्णय लेने की योग्यता और टीम भावना का विकास करता है। यही गुण उन्होंने अपने पुलिस सेवा के कार्यकाल में भी अपनाए, जिसके कारण वे एक अनुशासित और जनहितैषी अधिकारी के रूप में पहचाने जाते हैं।
प्रमुख उपलब्धियां
भारतीय वॉलीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व।
वर्ष 1996 से 2001 के बीच 13 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी।
लगभग 36 देशों में भारत का प्रतिनिधित्व।
छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद गुण्डाधुर पुरस्कार से सम्मानित।
उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए विक्रम अवार्ड प्राप्त।
खेल एवं पुलिस सेवा दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित।
मुंगेली को अनुभवी नेतृत्व की उम्मीद
मुंगेली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में प्रशांत शुक्ला तथा एसडीओपी के रूप में आशीष अरोरा की नियुक्ति को जिले के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है। विशेष रूप से आशीष अरोरा के पूर्व में मुंगेली में रहे कार्यकाल और उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।



The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
