जनभूमि–मुंगेली/जिला चिकित्सालय में पहली बार कान के पर्दे (ईयर ड्रम) का सफल ऑपरेशन कर चिकित्सकों ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। इस सफल सर्जरी से मरीज को बेहतर सुनने की उम्मीद मिली है और जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में चिकित्सकों की टीम ने पहली बार कान के पर्दे का सफल ऑपरेशन कर एक नई शुरुआत की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि 22 वर्षीय एक युवती का जिला अस्पताल में सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. एम.के. राय और डॉ. कमलेश सत्यपाल पाल द्वारा किया गया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है।
डीपीएम गिरीश कुर्रे ने बताया कि जिला चिकित्सालय में इस प्रकार का यह पहला सफल ऑपरेशन है, जो स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विशेषज्ञता में हो रही निरंतर प्रगति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अब तक इस तरह के उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ जाते थे। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
इस उपलब्धि में ऑपरेशन थिएटर स्टाफ का भी विशेष योगदान रहा, जिनके समन्वय और समर्पण से यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि आने वाले समय में और भी उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि जिलेवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
