जनभूमि–मुंगेली। फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल के मामले का मुंगेली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने प्रेम संबंध के विवाद के चलते महिला की गला दबाकर हत्या कर दी थी।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक Bhojram Patel के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवीनत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को सेतगंगा निवासी परिजन ने थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि महिला 12 और 13 अप्रैल की दरम्यानी रात घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। सुबह जब परिजनों ने देखा तो वह घर पर नहीं थी। उसी दिन करीब 11 से 12 बजे के बीच गाड़ाघाट के पास पगडंडी रास्ते में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मृतिका के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर की सूचना पर संदेही लालाराम यादव को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ प्रेम संबंध था। मृतिका लगातार उसे पत्नी बनाकर अपने घर ले जाने का दबाव बना रही थी, जिससे वह परेशान था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने 12 अप्रैल को मृतिका को फोन कर बुलाया और मोटरसाइकिल में बैठाकर ग्राम गाड़ाघाट के पास ले गया, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने मृतिका का मोबाइल ग्राम छटन के तालाब में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक टेक्नो मोबाइल, मृतिका का की-पैड मोबाइल और घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी-28 बी-7299) जब्त की।
पुलिस ने आरोपी लालाराम यादव पिता बट्टा यादव उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम शुक्लाभांठा थाना फास्टरपुर-सेतगंगा के खिलाफ अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक लक्ष्मण खुंटे थाना प्रभारी फास्टरपुर-सेतगंगा, सहायक उप निरीक्षक विजय बंजारा, आरक्षक पारसमणी भास्कर, जितेंद्र खाण्डेकर, तीजराम यादव सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
