जनभूमि–मुंगेली। महिला आरक्षण को लेकर भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले में भी पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने प्रेस वार्ता कर भाजपा और सरकार पर तीखा हमला बोला।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए ममता चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा यह गलत प्रचार कर रही है कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन नहीं किया, जबकि सच्चाई इससे अलग है।उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 (128वां संविधान संशोधन) संसद के दोनों सदनों में पारित होकर कानून बन चुका है और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा इस पर हस्ताक्षर भी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद सरकार इसे लागू करने में देरी कर रही है। ममता चंद्राकर ने सवाल उठाया कि जब यह कानून बन चुका है तो वर्तमान सदस्य संख्या में ही 33 प्रतिशत आरक्षण तुरंत लागू क्यों नहीं किया जा रहा।पूर्व विधायक ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि 16 अप्रैल 2026 को प्रस्तुत 131वां संविधान संशोधन विधेयक महिला आरक्षण से संबंधित नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से परिसीमन और अन्य संशोधनों को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि इस विधेयक में लोकसभा सीटों को बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव था, जिसमें 815 सीटें राज्यों और 35 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रस्तावित थीं।परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब 2026-27 की जनगणना प्रस्तावित है और सरकार स्वयं जाति जनगणना की बात कर रही है, तो पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन कराने की जल्दबाजी क्यों की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है तो परिसीमन का इंतजार किए बिना इसे तुरंत लागू किया जा सकता है।कांग्रेस की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए ममता चंद्राकर ने कहा कि पार्टी हमेशा से महिला आरक्षण की पक्षधर रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा 1989 में पंचायतों और नगरपालिकाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के प्रयासों तथा बाद में पीवी नरसिम्हा राव सरकार द्वारा इसे लागू करने का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भी संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण के लिए प्रयास किए गए।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा महिला आरक्षण लागू करने की नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक हितों के अनुसार परिसीमन कराने की थी, जो विपक्ष की एकजुटता के चलते सफल नहीं हो सकी। अब भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देशभर में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी सिंह, जागेश्वरी वर्मा, उर्मिला यादव, दीपक गुप्ता, स्वतंत्र मिश्रा, संजय यादव, अभिलाष सिंह, खुशबू वैष्णव, बिंदु यादव, शकीरा, ललिता सोनी, अनिता विश्वकर्मा, जाहिदा बेगम, निधि पौराणिक, वैशाली सोनी, आराधना तिवारी, साधना वर्मा, मनोरमा गुप्ता, ममता वर्मा, श्रीनिवास ठाकुर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
