जनभूमि–मुंगेली/नवाचारी गतिविधियाँ समूह भारत द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान सह राष्ट्रीय शैक्षिक संप्रवाह 2025-26 का आयोजन अत्यंत सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप में संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजन समिति के सूर्यवंशी सर सहित समस्त टीम को कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस सम्मान हेतु चयनित शिक्षकों में से एक, वर्षा रात्रे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आरती साहू के प्रति विशेष आभार प्रकट किया, जिन्होंने उनके चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से उन्हें भविष्य में भी निरंतर सीखने एवं आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

यह आयोजन देशभर के शिक्षकों के उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों को पहचान देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ। साथ ही, इसने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार एवं सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने में अहम योगदान दिया।
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता इसकी पारदर्शी, निष्पक्ष एवं बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया रही। ऑनलाइन आवेदन आमंत्रण से लेकर साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन, क्रॉस-इंटरव्यू तथा स्थानीय स्तर पर प्रमाणीकरण तक प्रत्येक चरण गंभीरता एवं सूक्ष्मता से पूर्ण किया गया। इससे यह सुनिश्चित हुआ कि वास्तविक रूप से उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का ही चयन हो।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों से आए शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत लाइव प्रस्तुतियाँ प्रेरणादायक रहीं, जिन्होंने ज्ञान एवं नवाचार के आदान-प्रदान को नई दिशा दी। इसके अतिरिक्त, रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा के संचालक एवं सहायक संचालक जैसे अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

इस प्रेरणादायक आयोजन में पहली बार सहभागिता का अवसर मिलने पर वर्षा रात्रे को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फास्टरपुर के शाला अध्यक्ष राजेश गुप्ता, शाला सदस्य नरेंद्र जयसवाल, कुलेश्वर बारम, अखिल टोडर एवं विद्यालय प्राचार्य पूर्णिमा मिश्रा, प्रहलाद घिर्रे, रामबाबू मिश्र, कमलेश भास्कर, मुकेश सिंह परिहार, रमेशदास अनंत तथा समस्त स्टाफ द्वारा बधाई दी गई।
साथ ही, उन्होंने आयोजन समिति को पुनः धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
