जनभूमि–मुंगेली/जिले के फास्टलपुर में प्रस्तावित इथेनॉल फैक्ट्री का जायजा लेने प्रदेश किसान कांग्रेस कमेटी के प्रशासनिक महासचिव आत्मा सिंह क्षत्रिय गांव के कई सरपंचों एवं ग्रामीणों के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन फैक्ट्री से होने वाले संभावित फायदे और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी ली।मौके पर मौजूद फैक्ट्री के सीईओ हरनाम सिंह चौधरी से चर्चा के दौरान बताया गया कि यहां शुगर फैक्ट्री स्थापित की जा रही है, जिसमें गन्ने से इथेनॉल का उत्पादन होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना से किसानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।वहीं ग्रामीणों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वे पहले भी कई बार प्रशासन को आवेदन देकर फैक्ट्री का विरोध जता चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है।इस पर आत्मा सिंह क्षत्रिय ने कहा कि इस तरह की फैक्ट्री ऐसी जगह स्थापित होनी चाहिए जहां पानी की पर्याप्त उपलब्धता हो, जैसे नदी, नाला या जलाशय के आसपास। उन्होंने फास्टलपुर क्षेत्र में जल संकट का जिक्र करते हुए कहा कि यदि फैक्ट्री में बोर सिस्टम का उपयोग किया गया, तो आने वाले समय में स्थानीय लोगों को गंभीर जल समस्या का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने आसपास के गांवों में संभावित प्रदूषण की आशंका भी जताई।इस पर फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कहा गया कि पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाया जाएगा, जिससे जल संकट नहीं होगा। साथ ही यह भी दावा किया गया कि फैक्ट्री में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग होगा, जिससे किसी प्रकार का धुआं या प्रदूषण नहीं फैलेगा।अंत में आत्मा सिंह क्षत्रिय ने कहा कि वे इस पूरे मामले को उच्चाधिकारियों के समक्ष उठाकर विस्तृत चर्चा करेंगे।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
