जनभूमि–मुंगेली/जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 7 वर्षीय बालक गौरव साहू का सफलतापूर्वक टॉन्सिल ऑपरेशन कर उसे लंबे समय से चली आ रही गंभीर समस्या से राहत दिलाई। बेमेतरा जिले के ग्राम बंदी निवासी गौरव पिछले एक वर्ष से टॉन्सिल में बार-बार संक्रमण से जूझ रहा था, जिसके कारण उसे निगलने में परेशानी होती थी और उसका वजन भी लगातार घट रहा था।
परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां ओपीडी में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कमलेश सत्यपाल द्वारा जांच की गई। जांच के बाद उसे क्रॉनिक टॉन्सिलाइटिस से पीड़ित पाया गया और तत्काल टॉन्सिलेक्टॉमी (ऑपरेशन) की सलाह दी गई।
इसके बाद डॉ. कमलेश सत्यपाल (ईएनटी विशेषज्ञ), डॉ. राजेश कुमार बेलदार (निश्चेतना विशेषज्ञ) एवं ओटी स्टाफ की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद बालक की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और उसके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। अब उसे खाने-पीने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
जिला चिकित्सालय में उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के कारण अब ऐसे जटिल उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो रहे हैं। इससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम हो रही है। यह सफलता स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और चिकित्सकों की दक्षता का प्रमाण है।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
