जनभूमि–बिलासपुर/शहर में लगातार बढ़ रही सूने मकानों में चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तकनीकी जांच और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 45.84 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। साथ ही उससे जुड़े 8 मामलों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले कई महीनों से शहर की अलग-अलग कॉलोनियों में बंद पड़े मकानों को निशाना बना रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ACCU और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले गए और लोकल इनपुट के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।
AC रिपेयरिंग के बहाने करता था रेकी
गिरफ्तार आरोपी सूरज काछी, गौरेला का रहने वाला है और बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। वह AC और इलेक्ट्रॉनिक सामान की रिपेयरिंग के बहाने कॉलोनियों में जाकर पहले रेकी करता था और फिर रात के समय सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस और CCTV से बचने के लिए वह अलग-अलग तरीके अपनाता था।
ऑनलाइन जुए की लत बनी अपराध की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाइन जुए की लत थी, जिसमें वह करीब 30 लाख रुपये हार चुका था। इसी नुकसान की भरपाई के लिए उसने चोरी करना शुरू कर दिया।
सोना-चांदी समेत लाखों का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से 252 ग्राम सोना, 1 किलो से अधिक चांदी, स्कूटी, मोटरसाइकिल और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 45.84 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के दौरान हुई कई चोरी की घटनाओं को कबूल किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और अन्य मामलों की भी जांच जारी है।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
