जनभूमि–मुंगेली। जिले में 10 मई 2026 को प्रस्तावित व्हीव्हीआईपी प्रवास कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस मुंगेली द्वारा व्यापक सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने का अनुरोध किया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे।
कार्यक्रम स्थलवार पार्किंग व्यवस्था
■ कलेक्ट्रेट मुंगेली के समीप
डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों एवं अतिथियों के लिए निम्न पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—
- कस्तुरी होटल के पास स्थित मैदान
- जनपद परिसर
- ग्राम करही के पास खेत क्षेत्र
पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस क्षेत्र में सड़क किनारे वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी, जिससे यातायात बाधित न हो।
■ दाऊपारा मुंगेली के समीप
बाबा गुरु घासीदास प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए—
- आत्मानंद स्कूल ग्राउंड
- रेस्ट हाउस मैदान
- रेम्बो स्कूल मैदान
दाऊपारा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी।
■ पड़ाव चौक मुंगेली के समीप
महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए निम्न पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—
- बी.आर. साव मैदान
- छात्रावास परिसर
पुलिस विभाग ने इस क्षेत्र में अधिक भीड़ की संभावना जताई है और आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
■ रायपुर तिराहा क्षेत्र
भक्त माता कर्मा देवी प्रतिमा अनावरण एवं पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित व्हीव्हीआईपी मुख्य आमसभा में शामिल होने वाले नागरिकों एवं अतिथियों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है—
- पुलिस कॉलोनी के बगल वीआईपी पार्किंग
- रायपुर रोड बायपास
- नवागढ़ रोड स्थित पत्थर खदान के पीछे दो बड़े पार्किंग स्थल
मुख्य आमसभा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था बनाई गई है।
पुलिस प्रशासन की विशेष अपील
जिला पुलिस मुंगेली ने नागरिकों से निम्न बिंदुओं पर सहयोग करने की अपील की है—
- वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें
- सड़क किनारे एवं नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन न खड़ा करें
- यातायात नियमों का पालन करें
- ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के निर्देशों का पालन करें
- कार्यक्रम स्थलों पर अनावश्यक भीड़ एवं अव्यवस्था से बचें
- वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात दबाव कम करने में सहयोग करें
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
व्हीव्हीआईपी कार्यक्रम को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों एवं कार्यक्रम स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात नियंत्रण के लिए विशेष टीमों की ड्यूटी लगाई गई है तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
