जनभूमि–मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज मुंगेली आगमन होने जा रहा।जहां उनके स्वागत को लेकर शहर में भव्य तैयारियां देखने को मिलीं। चौक-चौराहों पर बड़े-बड़े बैनर, स्वागत द्वार और मंच सजाए गए थे, लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही भाजपा संगठन के भीतर चल रही पोस्टर राजनीति और अंदरूनी नाराजगी भी चर्चा का विषय बन गई।
मुख्यमंत्री के स्वागत में लगाए गए कई पोस्टरों और बैनरों से भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें गायब दिखाई देने पर कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी बढ़ती नजर आई। अब इस पूरे मामले को जिला संगठन और जिला अध्यक्ष की कार्यशैली से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार पार्टी के कई पुराने और सक्रिय कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन में संवाद और सामंजस्य की कमी दिखाई दे रही है तथा कुछ चुनिंदा चेहरों को ही लगातार प्राथमिकता दी जा रही है।
पोस्टर से शुरू हुई चर्चा, अब संगठन तक पहुंची
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यह चर्चा और तेज हो गई है “जो लोग वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें ही पोस्टर से बाहर किया जा रहा है।संगठन में सामूहिक निर्णय की जगह एकतरफा फैसले हावी हो रहे हैं।पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी से अंदरखाने नाराजगी बढ़ रही है।”
“बाहरी स्वागत भव्य, अंदरूनी माहौल गरम”
एक ओर मुख्यमंत्री के स्वागत में पूरा शहर सजाया गया, वहीं दूसरी ओर भाजपा के भीतर गुटबाजी और नाराजगी की चर्चाएं भी तेज हो गईं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पोस्टर और बैनर केवल प्रचार सामग्री नहीं बल्कि संगठन के भीतर राजनीतिक महत्व और पकड़ का प्रतीक माने जाते हैं। ऐसे में वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें गायब होना कई तरह के राजनीतिक संकेत दे रहा है।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी जिले के कुछ बड़े कार्यक्रमों में प्रचार सामग्री से नेताओं की तस्वीरें गायब रहने को लेकर विवाद की स्थिति बन चुकी है। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे में फिर वही स्थिति बनने से कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष खुलकर सामने आने लगा है।
“खामोश नाराजगी कब फूटेगी?”
राजनीतिक गलियारों में अब यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि —
“क्या यह केवल पोस्टर की चूक है या भाजपा संगठन के भीतर बढ़ती अंदरूनी खींचतान की झलक?”
हालांकि पार्टी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन मुख्यमंत्री के दौरे के बीच शुरू हुई यह पोस्टर राजनीति अब जिले की राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गई है

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
