जनभूमि–मुंगेली/ विकासखंड अंतर्गत सेतगंगा क्षेत्र में नवीन नहर निर्माण को लेकर क्षेत्रीय भारतीय किसान संगठन ने आंदोलनात्मक पहल तेज कर दी है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र के किसान वर्षों से सिंचाई सुविधा की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। किसान संगठन कई बार जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर जनदर्शन तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदन सौंप चुका है।
पानी की कमी से प्रभावित हो रही खेती
किसान नेताओं ने बताया कि क्षेत्र में खरीफ और रबी दोनों सीजन में खेती की जाती है, लेकिन पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था नहीं होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पानी की कमी के कारण फसलों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों की आय पर भी असर पड़ रहा है।
कुबा डायवर्सन बांध से जुड़ी उम्मीदें
किसान संगठन ने बताया कि समीपवर्ती कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत कुबा खुर्द स्थित हाफ नदी पर निर्मित कुबा डायवर्सन बांध क्षेत्र की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं में शामिल है। यह परियोजना स्थानीय किसानों के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण स्रोत बनी हुई है। किसानों का कहना है कि यदि इसी परियोजना से नवीन नहर का विस्तार किया जाए तो मुंगेली जिले के सेतगंगा क्षेत्र सहित आसपास के गांवों को भी सिंचाई सुविधा मिल सकती है।
25 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
प्रस्तावित नवीन नहर निर्माण से लगभग 40 से 50 गांवों के किसानों को लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। किसान संगठन के अनुसार करीब 25 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
जल संसाधन विभाग में हुई संयुक्त बैठक
इसी मांग को लेकर हाल ही में कबीरधाम जिले के जल संसाधन विभाग कार्यालय में किसान संगठन और अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान संगठन के पदाधिकारी मनोहर यादव, संजय सिंह परिहार, रोहित सागर, दीनबंधु चंद्राकर, नरेंद्र जायसवाल, कलेश्वर साहू, बीर सिंह और यशवंत गबेल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
बैठक में मुंगेली और कबीरधाम जिले के अधिकारियों ने किसानों को जानकारी दी कि बरसात के बाद नहर खुदाई कार्य प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और आगामी समय में कार्य को गति दी जाएगी।
इन क्षेत्रों तक पहुंचेगा नहर का पानी
प्रस्तावित नहर के माध्यम से महका, भूमियापारा, दुल्लापुर, बीजातराई, सेतगंगा, फंदवानी सहित सड़क के दाईं ओर स्थित सुकली, लालपुर, केशली, माराडबरी, तलवरपुर और आगे के ग्रामीण क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
विधायक और किसानों ने भी की पहल
जानकारी के अनुसार मुंगेली क्षेत्र के विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी किसानों के साथ दोनों जिलों के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से चर्चा की है। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नवीन नहर निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है तथा बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
किसानों में बढ़ी उम्मीद
नहर निर्माण की संभावना से सेतगंगा क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। किसानों का मानना है कि यदि यह परियोजना समय पर पूरी होती है तो क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, खेती का रकबा बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार आएगा।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
