जनभूमि–मुंगेली। जिले के सरगांव क्षेत्र के रामबोड़ स्थित कुसुम स्मेल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड में गुरुवार सुबह नियमित मेंटेनेंस कार्य के दौरान एक औद्योगिक दुर्घटना हो गई। इस हादसे में तीन कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। राहत की बात यह है कि सभी घायल कर्मचारियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मेंटेनेंस के दौरान अचानक खुला डिस्चार्ज गेट
जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे प्लांट के कीलन डिस्चार्ज गेट में तकनीकी समस्या आने के कारण वह जाम हो गया था। इसे दुरुस्त करने के लिए कर्मचारियों द्वारा नियमित मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गेट खुल गया, जिससे भीतर मौजूद अत्यधिक गर्म स्पंज आयरन का ताप और गर्म हवा तेजी से बाहर निकली। इसकी चपेट में आने से वहां कार्यरत तीन कर्मचारी झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घायल कर्मचारियों की पहचान
दुर्घटना में घायल कर्मचारियों की पहचान निम्नानुसार की गई है—
- अमित कुमार, निवासी औरंगाबाद (बिहार)
- योगेश मीणा, निवासी होशंगाबाद (मध्य प्रदेश)
- अमरेश दत्ता, निवासी बालेश्वर (ओडिशा)
कंपनी प्रबंधन ने दिखाई तत्परता

हादसे के तुरंत बाद कंपनी प्रबंधन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को एम्बुलेंस से बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। गंभीर रूप से झुलसे अमित कुमार को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति नियंत्रण में है और फिलहाल किसी की जान को खतरा नहीं है।
प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम तत्काल प्लांट पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की प्रारंभिक जानकारी जुटाई तथा सुरक्षा मानकों के पालन की भी समीक्षा की। इसके अलावा अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा मेंटेनेंस कार्य के दौरान उत्पन्न तकनीकी कारणों से हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
