जनभूमि– मुंगेली। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार को महाराणा प्रताप चौक (पहाव चौक), मुंगेली में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन नई दिल्ली में छात्रों एवं युवाओं पर हुए कथित बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए छात्रों और युवाओं के साथ हुए कथित अन्याय की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों और विपक्षी नेताओं पर बल प्रयोग करना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किसी भी लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
पूर्व विधायक चुरावन मंगेशकर ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए सरकार को जवाबदेह बनना होगा। लोकतांत्रिक विरोध को बलपूर्वक दबाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा लोकतांत्रिक अधिकारों पर किसी भी प्रकार के हमले का मजबूती से विरोध करती रहेगी।
नगरपालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है। कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।
कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष दिलीप बंजारा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर कार्रवाई लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। कांग्रेस छात्रों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
वरिष्ठ पार्षद अरविंद वैष्णव ने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उनकी आवाज को दबाने का प्रयास करना चाहिए।
लक्की गर्ग ने कहा कि देश के लाखों छात्र निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और न्याय की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस उनके हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नवपदस्थ तहसीलदार दिलीप खांडे को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, संसद में इस मुद्दे पर चर्चा तथा छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग भी शामिल की गई।
इस अवसर पर धरना-प्रदर्शन में श्याम जायसवाल, दिलीप बंजारा, राजेश छेदईया, जलेश यादव, इंद्रजीत कुर्रे, उर्मिला यादव, अरविंद वैष्णव, संजय जायसवाल, श्री ठाकुर, मंजू शर्मा, साधना वर्मा, ललित सोनी, निधि पौराणिक, संजय सिंह साधु, रामकिशोर देवांगन, नीरज यादव, विनय यादव, राजेंद्र जायसवाल, प्रभु मल्लाह, कमल प्रसाद जांगड़े, बलराम यादव, महेंद्र यादव, आरिफ खोखर, अभिषेक अवस्थी, आनंद सोनी, सजल यादव, असद खोखर, सूर्यपाल गर्ग, वैभव ताम्रकार, शिवम जायसवाल, जय सोनी, विकास सोनी, जयकुमार, नैनदास डहरिया, किशोर बैरागी, संजय चंदेल, रविंद्र आंचल, अहसान अली, सूरज मंगलानी, भीमेंद्र देवांगन, भूपेंद्र देवांगन, राजा माणिक, रवि कोसले, विष्णु कुमार खांडे, राम तलरेजा, नौशाद खान, लक्ष्मीनारायण घृतलहरे, सालिकराम यादव, भुवन यादव, मुकेश जायसवाल, रमेश देवांगन, नामदेव बंजारा, मुमताज अली, शिवम साहू, दादू मल्लाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Jan Bhumi Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
